रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस अवसर पर विधायक ने श्री केदारनाथ धाम की यात्रा के सफल संचालन पर आभार व्यक्त कर विभिन्न विकास एवं जनहित के विषयों पर मुख्यमंत्री से विस्तारपूर्वक चर्चा की।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है जिसका परिणाम है कि अभी तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित व सफल यात्रा के संचालन से श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में संचालित सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यटन विकास योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा केदारनाथ विधानसभा के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास,मोटर मार्गों के डामरीकरण व नवनिर्माण, धार्मिक स्थलों व पर्यटक स्थलों में पार्किंग निर्माण,ऊखीमठ अगस्त्यमुनि पेयजल योजनाओं,चोपता पॉलिटेक्निक,विद्यालय भवनों के निर्माण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है तथा आमजन को इसका लाभ प्राप्त हो रहा है। कहा कि केदारनाथ विधानसभा के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
