Spread the love

 

 

 

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

पायलट समेत छह लोग थे सवार, सेना, एसडीआरएफ, पुलिस और आईटीबीपी ने शुरू किया सर्च एवं रेस्क्यू अभियान

चमोली। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरने वाला ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में लापता होने के बाद दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, भारतीय सेना, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना कर दी गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार को दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने पर हेलीकॉप्टर का संपर्क अचानक टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम भी उसकी लोकेशन का पता लगाने में असमर्थ रहा। प्रारंभिक सूचना में हेलीकॉप्टर के हाथी पर्वत क्षेत्र में लापता होने की बात सामने आई, जबकि बाद में जोशीमठ क्षेत्र के मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्रशासन को मिली।

बताया गया कि भारतीय सेना की ओर से सबसे पहले जिला प्रशासन को हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी गई। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू कराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को तेजी से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने और गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की पहचान पायलट हिमांशु, प्रताप, अरुण, शंकर, सुधीर और एमएस नागाराजा के रूप में बताई गई है। हालांकि, सभी यात्रियों की स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

हेलीकॉप्टर का कॉल साइन VT-HCX बताया गया है। एहतियातन मैसर्स ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया है।