Spread the love

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं सोशल मीडिया प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने की नियुक्ति, संगठन की बात जन-जन तक पहुंचाने का मिला दायित्व

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपते हुए कर्मवीर कुंवर को रुद्रप्रयाग जिले का सोशल मीडिया अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं सोशल मीडिया प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने उनकी नियुक्ति की घोषणा करते हुए उन्हें जिले में सोशल मीडिया संगठन की कमान सौंपी है।

कर्मवीर कुंवर की नियुक्ति को जिले में कांग्रेस के सोशल मीडिया नेटवर्क को सक्रिय एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। उनके सामने पार्टी की नीतियों, विचारधारा, कार्यक्रमों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का दायित्व रहेगा।

नवनियुक्त जिला सोशल मीडिया अध्यक्ष कर्मवीर कुंवर ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय तथा पार्टी की गतिविधियों को डिजिटल माध्यमों से आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उनकी नियुक्ति की सूचना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।