Spread the love

 

 

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

प्रदेश में सर्वाधिक प्रतिभागियों के पंजीकरण में जनपद ने हासिल किया दूसरा स्थान, मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

रुद्रप्रयाग। खेल महाकुंभ-2026 में प्रतिभागियों के पंजीकरण के मामले में जनपद रुद्रप्रयाग ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक नवंबर 2026 को निदेशालय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के क्रीड़ा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी रुद्रप्रयाग वरद जोशी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

जनपद की इस उपलब्धि को जिला प्रशासन, युवा कल्याण विभाग और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय एवं सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन, समयबद्ध कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग के साथ ही युवाओं एवं खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खेल महाकुंभ के तहत जनपद में अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से व्यापक पंजीकरण एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। इसमें युवा कल्याण, शिक्षा एवं खेल विभाग के साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, शारीरिक शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों तथा विकासखंड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।

प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करना जनपद के लिए गौरव की उपलब्धि है। इस सफलता पर जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और समन्वय के साथ खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।