Spread the love

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

ऊखीमठ, 6 अगस्त। विकासखंड सभागार ऊखीमठ में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड के विभिन्न न्याय पंचायतों से आए क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों की समस्याओं, अधिकारों, विकास कार्यों में आ रही बाधाओं तथा आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से क्षेत्र पंचायत सदस्य संगठन, ऊखीमठ का गठन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन कई बार विभागीय स्तर पर समन्वय की कमी और अन्य प्रशासनिक कारणों से विकास कार्य प्रभावित होते हैं। ऐसे में एक सशक्त संगठन के माध्यम से क्षेत्र पंचायत सदस्यों की समस्याओं को संगठित रूप से उठाया जाएगा और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सर्वसम्मति से संगठन की कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला को संगठन का संरक्षक तथा ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी को उप-संरक्षक बनाया गया। वहीं गजेंद्र चौधरी को अध्यक्ष, सुनीता देवी को उपाध्यक्ष, आलोक तिवारी को महासचिव, सुनैखा देवी को सचिव, उमेश नौटियाल को कोषाध्यक्ष तथा वीरेंद्र नेगी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा विभिन्न न्याय पंचायतों के कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों को कार्यकारिणी में शामिल किया गया।

बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने संगठन को पूरी सक्रियता के साथ संचालित करने तथा विकासखंड ऊखीमठ के प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन समय-समय पर बैठकें आयोजित कर विकास कार्यों की समीक्षा करेगा और आवश्यक होने पर संबंधित विभागों एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित के मुद्दों के समाधान की दिशा में कार्य करेगा। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।