Spread the love

देहरादून – प्रदेश में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी जारी है। वहीं उच्च हिमालय की चोटियों पर हिमपात हो रहा है। शनिवार को मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।मार्च के महीने से ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी थी, लेकिन पिछले बृहस्पतिवार से मौसम में बदलाव आया है और अधिकतम तापमान सामान्य से दो से सात डिग्री कम हो गया है। जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

आज देहरादून का अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं प्रदेश में कहीं- कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। रविवार को चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 मार्च तक मौसम शुष्क रहेगा। होली पर गर्मी भी अपने रंग दिखाएगी। होली के बाद पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान सामान्य से अधिक होने के आसार हैं जिससे गर्मी में और इजाफा होगा।