रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
कानून, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी ग्रामीणों को जानकारी
ऊखीमठ, 02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जन-जागरूकता अभियान के तहत ग्राम सभा मनसूना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने ग्रामीणों को कानून की जानकारी देने के साथ-साथ महिला एवं बालिका सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में एसएसआई राजेन्द्र पुजारा एवं एसआई पूजा रावत ने ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि लोग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रह सकें।
इस दौरान महिला अपराधों की रोकथाम, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा घरेलू एवं सामाजिक स्तर पर होने वाले अपराधों से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने विशेष रूप से बढ़ते साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील करते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जाए, जिससे ठगी की रकम को रोकने और आवश्यक कार्रवाई में मदद मिल सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने ग्रामीणों से कानून का पालन करने, आसपास हो रहे अपराधों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
रुद्रप्रयाग पुलिस का संदेश— “सजग रहें, सुरक्षित रहें। आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी।”
