Spread the love

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

ऊखीमठ। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून के निदेशक द्वारा 19 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत, उधमसिंह नगर एवं बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा अत्यंत तीव्र दौर की वर्षा होने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

इसी क्रम में शनिवार सायं करीब आठ बजे उपजिलाधिकारी ऊखीमठ द्वारा तहसील परिसर स्थित आपदा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात समस्त कार्मिक अपने स्थान पर उपस्थित पाए गए, जिस पर संतोष व्यक्त किया गया। उपजिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में उपलब्ध संसाधनों, संचार व्यवस्था तथा सूचना तंत्र की भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने कहा कि मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में हर सूचना पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि जन-धन की हानि को रोका जा सके।

तैनात कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि वे चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रहें और क्षेत्र से प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर बिना विलंब त्वरित कार्यवाही करें। साथ ही संबंधित विभागों एवं संबंधित क्षेत्रों के उत्तरदायी अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

गौरतलब है कि पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण रूद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ तहसील क्षेत्र में भारी वर्षा के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने तथा नदी-नालों के उफान पर आने जैसी घटनाएं सामान्यतः देखने को मिलती हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा समय रहते सतर्कता बरता जाना क्षेत्रवासियों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।