रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
ऊखीमठ। बाबा केदारनाथ की शीतकालीन गद्दीस्थली ओंकारेश्वर मंदिर परिसर स्थित कोठा भवन के द्वितीय चरण के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्र प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल ऊखीमठ एवं स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति पर कोठा भवन के जीर्णोद्धार कार्य में अनावश्यक देरी एवं उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि ओंकारेश्वर मंदिर उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पौराणिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यह स्थान भगवान श्री केदारनाथ एवं भगवान श्री मध्यमहेश्वर जी की शीतकालीन गद्दीस्थली है, जहां वर्षभर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना हेतु पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के कोठा भवनों के जीर्णोद्धार हेतु तीन चरणों में कार्य प्रस्तावित किया गया था। वर्ष 2023 में प्रथम चरण का कार्य प्रारंभ कर सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया, किंतु द्वितीय चरण का कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका है। द्वितीय चरण के अंतर्गत उषा-अनिरुद्ध विवाह स्थल, मां चण्डिका मंदिर तथा भगवान श्री केदारनाथ जी की गद्दीस्थली सहित अन्य प्राचीन धरोहरों के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार का कार्य प्रस्तावित है।
राजीव भट्ट ने कहा कि वर्तमान में संबंधित कोठा भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। भवनों की दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं, कई स्थानों पर दीवारें झुक गई हैं तथा छतों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर रही है और यदि शीघ्र आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई तो भविष्य में किसी अप्रिय दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
व्यापार मंडल एवं स्थानीय लोगों ने सरकार व मंदिर समिति से मांग की कि ओंकारेश्वर मंदिर परिसर के कोठा भवनों के द्वितीय चरण के जीर्णोद्धार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पौराणिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित हो सके तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी बनी रहे।
इस अवसर पर वन सरपंच पवन राणा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवाण, महिला मंगल अध्यक्ष आरती शैव, पूर्व सभासद प्रमोद नेगी, बलवंत रावत, राज्य आंदोलनकारी श्यामसिंह बिष्ट, महेश बर्त्वाल, मनवर नेगी, प्रवीण शैव एवं कैलाश शर्मा मौजूद रहे।
