Spread the love

 

 

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

 

रुद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्त्यमुनि स्थित ब्लॉक आवास में विगत लगभग 15 दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिसके चलते वहां रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लॉक आवास निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा लंबे समय से उपलब्ध न होने के कारण दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

समस्या के समाधान के प्रयास में उन्होंने संबंधित पेयजल लाइनमैन के मोबाइल नंबर पर 31 जुलाई को लगातार पांच बार फोन किया, लेकिन एक भी कॉल रिसीव नहीं की गई। उनका कहना है कि जिम्मेदार कर्मचारी द्वारा फोन तक न उठाया जाना विभागीय जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

 

वेद प्रकाश ने कहा कि यदि शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे इस संबंध में जिला प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपेंगे और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने की मांग की है।