Spread the love

 

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

स्वतंत्रता दिवस-2026 के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों आदि में ध्वजारोहण तथा “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ध्वजारोहण कार्यक्रम समाप्त होने के उपरान्त इधर-उधर गिरे अथवा बिखरे हुए Hand Flags को तत्काल एकत्रित कर स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर सम्मानपूर्वक रखा जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का अव्यवस्थित अथवा असम्मानजनक स्थिति में पड़े रहना राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के प्रतिकूल है।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों के समस्त वार्डों तथा सरकारी कार्यालयों में लगाए गए राष्ट्रीय ध्वजों को 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगाया जाए। कार्यक्रम की अवधि समाप्त होने के अगले दिवस इन ध्वजों को विधिवत उतरवाकर सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत इन निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम के उपरान्त कोई भी राष्ट्रीय ध्वज अथवा Hand Flag इधर-उधर बिखरा हुआ या असम्मानजनक स्थिति में न मिले।