Spread the love

रिपोर्टर – शम्भू प्रसाद

लोक संगीत और रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय ने उत्तराखंड के दून विश्वविद्यालय के डा. राकेश भट्ट को संगीत नाटक अकादमी के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित किया है। पांच मार्च को दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू डा. भट्ट को यह पुरस्कार प्रदान करेंगी।

दून विश्वविद्यालय के लोक संस्कृति और रंगमंच विभाग में कार्यरत डा. राकेश भट्ट लंबे समय से लोक संगीत व रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय हैं। एक बेहतरीन लोक गायक होने के साथ ही साथ वह रंगमंच के मंझे हुए कलाकार व निर्देशक भी हैं। इसके अलावा मंचों पर एक कुशल प्रस्तोता के तौर पर भी उनकी पहचान है। इस पुरस्कार के तहत डा. भट्ट को एक लाख रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। डा. भट्ट ने 30 से ज्यादा नाटकों में अभिनय, गायन, निर्देशन किया है। वह शैलनट, विद्याधर श्रीकला, धाद लोक नाट्य संस्थाओं के साथ जुडे़ रहे हैं और वर्तमान में उत्सव ग्रुप को संचालित कर रहे हैं।

डा. भट्ट ने बताया कि उन्हें इस पुरस्कार के संबंध में दिल्ली आने का आमंत्रण मिल गया है। वह चार मार्च को दिल्ली जाएंगे। पांच मार्च को राष्ट्रपति उन्हें यह पुरस्कार प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि लोक संगीत और रंगमंच के क्षेत्र में उनके वर्षों के संघर्ष को इस पुरस्कार के जरिये मान्यता मिली है। निश्चित तौर पर यह पुरस्कार उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।