Spread the love

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

जखोली/रुद्रप्रयाग। भारत माता की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान गजेंद्र कुमार, निवासी जखनियाला, ब्लॉक जखोली, रुद्रप्रयाग का पार्थिव शरीर मंगलवार को उनके पैतृक गांव पटियालाधार पहुंचा। वीर सपूत का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया और चारों ओर शोक की लहर दौड़ गई।

CRPF के जवान गजेंद्र कुमार के पार्थिव शरीर को असिस्टेंट कमांडेंट धर्मेंद्र ध्यानी के नेतृत्व में उनके पैतृक निवास तक लाया गया। जैसे ही तिरंगे में लिपटा शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, परिवारजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उनके पैतृक निवास पर पहुंचे और अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

शहीद गजेंद्र कुमार ने देश की सुरक्षा और सेवा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके बलिदान की खबर से पूरे जखोली क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी भावुक होकर कहा कि गजेंद्र कुमार ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर कर क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।

शहीद के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के दौरान ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद गजेंद्र कुमार अमर रहें’ के जयघोष के साथ अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा।

गजेंद्र कुमार का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत रहेगा। देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले इस वीर जवान को पूरा क्षेत्र सदैव सम्मान और गर्व के साथ याद रखेगा।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। शहीद गजेंद्र कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि।