रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ के अध्यक्ष अध्यापक अभिभावक संघ ने उत्तराखण्ड सरकार के माननीय शिक्षा मंत्री श्री धन सिंह रावत जी को एक महत्वपूर्ण पत्र लिखा है। दिनांक 07 मई 2026 को लिखे इस पत्र में संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह पुष्पवान ने पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यालयों की समय-सारणी में तत्काल संशोधन किए जाने की माँग की है।
अभिभावक संघ का कहना है कि उत्तराखण्ड शासन द्वारा पिछले दिनों स्कूलों में लागू की गई नई समय-सारणी के अनुसार विद्यालय सुबह सवा सात बजे खुलते हैं और दोपहर एक बजे छुट्टी होती है। यह समय-सारणी मैदानी इलाकों के अनुसार बनाई गई है, जो पहाड़ी क्षेत्रों के बच्चों एवं अभिभावकों के लिए अत्यंत कठिनाईपूर्ण साबित हो रही है।
अभिभावकों की मुख्य आपत्तियाँ
पत्र में उल्लेख किया गया है कि पहाड़ी इलाकों में अनेक विद्यार्थियों को विद्यालय पहुँचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में इतने सुबह विद्यालय खोलना व्यावहारिक नहीं है। इसके साथ ही शासन के आदेश में यह भी उल्लेख है कि यदि किसी विद्यालय में भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार समय-सारणी में संशोधन आवश्यक समझा जाए तो उसके लिए प्रस्ताव भेजा जाए। इसी आधार पर संघ ने अपनी माँग रखी है।
भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला
अभिभावक संघ ने बताया कि ऊखीमठ स्थित राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए वर्तमान समय-सारणी अभिभावकों और छात्रों दोनों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। संघ ने माँग की है कि क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय की समय-सारणी में शीघ्र से शीघ्र संशोधन किया जाए।
संघ के अध्यक्ष संदीप सिंह पुष्पवान ने शिक्षा मंत्री से अपील की है कि अभिभावकों की इस जायज माँग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र संशोधन करवाने की कृपा करें, जिससे छात्रों एवं अभिभावकों को राहत मिल सके।
