Spread the love

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

रुद्रप्रयाग। कालीमठ वार्ड की जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा की सक्रिय पहल पर गुजरात से आए एक श्रद्धालु के शव को कालीशिला के दुर्गम क्षेत्र से हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया। गुजरात से आए श्रद्धालुओं के दल में शामिल डॉ. कंडोलिया की कालीशिला दर्शन के दौरान अचानक हृदयाघात से मृत्यु हो गई थी।

घटना की सूचना सरोज राणा को हिमालयन कम्फर्ट नाला के मैनेजर शिवम जोशी के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी और शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस संबंध में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग, जिला आपदा प्रबंधन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचित किया गया। साथ ही राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल को भी घटना से अवगत कराया गया।

कालीशिला जैसे दुर्गम क्षेत्र में तत्काल सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से सरोज राणा ने जग्गी बगवान और ब्यूंखी गांव के स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों से भी संपर्क किया। इन युवाओं और ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए कालीशिला पहुंचकर प्रशासन के साथ सहयोग किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा तत्काल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराई गई, जिसके माध्यम से पार्थिव शरीर को कालीशिला क्षेत्र से रेस्क्यू कर आगे की आवश्यक प्रक्रिया हेतु एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

सरोज राणा ने इस कठिन परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, स्थानीय ग्रामीणों और युवा साथियों सहित प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों तथा साथ आए श्रद्धालुओं को इस दुःख की घड़ी में शक्ति मिलने की कामना की।