
रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
उखीमठ। तोणीडाली काकड़ा गाढ़ सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित पड़े होने के कारण क्षेत्रवासियों एवं ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान मनवर सिंह नेगी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड), उखीमठ, जनपद रुद्रप्रयाग को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसकी प्रतिलिपि उप जिलाधिकारी उखीमठ एवं थानाध्यक्ष उखीमठ को भी भेजी गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क निर्माण कार्य को लेकर विभाग को मौखिक तथा लिखित रूप से कई बार ज्ञापन एवं पत्राचार के माध्यम से सूचित किया जा चुका है, परंतु विभाग की ओर से इन ज्ञापनों व पत्रों पर कोई ध्यान अथवा संज्ञान नहीं लिया गया। इसके परिणामस्वरूप क्षेत्रवासियों एवं ग्रामीणों को काफी विवश एवं बाध्य होकर विभाग का घेराव करने का निर्णय लेना पड़ा है। ज्ञापन के अनुसार 18 जुलाई 2026 को क्षेत्रवासियों एवं ग्रामीणों द्वारा विभाग का घेराव किया जाएगा।

इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप कुमार त्रिवेदी एवं ग्राम प्रधान मनवर सिंह नेगी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर विभाग को अल्टीमेटम दिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यदि विभाग द्वारा शीघ्र सड़क निर्माण कार्य आरंभ नहीं किया गया तो ग्रामीणों का आक्रोश उग्र आंदोलन का रूप ले सकता है।
ज्ञापन पर ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी से क्षेत्र की जनता को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और विभाग की उदासीनता के चलते समस्या और गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य आरंभ नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
