



रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
विश्वप्रसिद्ध कार्तिक स्वामी मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल का आभार व्यक्त किया। स्वारी ग्वांस गांव से कार्तिक स्वामी तक आठ किमी मोटर मार्ग का निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। जिसकी जानकारी देते हुए विधायक नौटियाल ने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से कार्तिक स्वामी मंदिर को मोटर मार्ग से जोड़ने की माँग की जा रही थी।



अभी तक लगभग तीन किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़कर श्रद्धालु मंदिर तक पहुँचते हैं। कार्तिक स्वामी मन्दिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केन्द्र है जहां पर सालभर हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वहीं मोटर मार्ग निर्माण से स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं को आवाजाही में सुगमता होगी। शनिवार को कार्तिक स्वामी मंदिर के निकटवर्ती गांवों के विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने विधायक आशा नौटियाल से मिलकर ग्रामवासियों की ओर से मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया। कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य स्वारी ग्वांस अर्जुन नेगी ने मोटर मार्ग की स्वीकृति पर विधायक आशा नौटियाल एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। विधायक आशा नौटियाल ने बताया कि कार्तिक स्वामी मंदिर तक मोटर मार्ग के निर्माण से तीर्थाटन को अधिक बढ़ावा मिलेगा एवं स्थानीय लोगों की आर्थिकी मजबूत होगी। कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र का विकास व धार्मिक स्थलों में मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।


