Spread the love

रिपोर्टर –  शम्भू प्रसाद

रूद्रप्रयाग – पहली बार दूरस्त ऊखीमठ ब्लॉक में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ दिशा की बैठक लेते हुए जनपद में गतिमान विकास कार्यों की समीक्षा की। राज्य योजना एवं केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय पर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं योजनाओं को लागू करते समय अंतिम व्यक्ति तक उसे कैसे पहुंचाया जाएगा इस पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधिकारिक रूप में दिशा की बैठक तीन महीने में लेने का नियम है लेकिन विकास कार्यों को गति देने एवं जनता की समस्याओं के समय पर निस्तारण के लिए समीक्षा बैठकें जब भी जरूरी लगे वो करने को तैयार हैं। उन्होंने बीते रोज केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग के समीप भूस्खलन के चलते मृत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुखद हादसे में 05 यात्रियों ने अपना जीवन खो दिया है। वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका ईलाज अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों के उपचार एवं मृतकों के परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है।

इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत अमरदेई शाह, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ श्वेता पांडेय, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष ऊखीमठ विजय राणा, पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, प्रभागीय वनाधिकारी रुद्रप्रयाग, कल्याणी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, रुद्रप्रयाग आशीष घिल्डियाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।