रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
रुद्रप्रयाग।
भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विजय राणा को भाजपा में पुनः सम्मिलित किया गया। इस अवसर पर विधायक आशा नौटियाल एवं जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर उनका स्वागत व अभिनंदन किया। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने में अनुभवी जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में विजय राणा का पूर्व कार्यकाल उनके सशक्त नेतृत्व, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक रहा है। ऐसे अनुभवी नेतृत्व के पुनः पार्टी से जुड़ने से ऊखीमठ नगर पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

विधायक ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विजय राणा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त करेंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और विचारधारात्मक संगठन है, जिसमें समर्पित कार्यकर्ताओं को सदैव सम्मान मिलता है। विजय राणा के पुनः पार्टी में शामिल होने से नगर निकाय स्तर पर संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विजय राणा की वापसी पर हर्ष व्यक्त किया और विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
