रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
तहसील मुख्यालय ऊखीमठ से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पठाली में दिनदहाड़े भालू के हमले से हड़कंप मच गया। गांव के प्रधान की पत्नी रामेश्वरी देवी (55) पर भालू ने उस समय हमला कर दिया, जब वह सुबह लगभग साढ़े दस बजे घास लेने खेतों की ओर गई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामेश्वरी देवी अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर एरेठी सुबदा तोक में घास काट रही थीं। तभी अचानक सामने आए भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया। संकट की घड़ी में घबराने के बजाय महिला ने साहस दिखाया और हाथ में मौजूद दरांती से भालू पर वार कर अपना बचाव किया। संघर्ष के दौरान वह खेत से नीचे की ओर लुढ़क गईं और शोर मचाते हुए घर की ओर दौड़ीं। आवाज सुनकर उनके पति मनबर सिंह नेगी भी घटनास्थल की ओर पहुंचे, तब तक भालू वहां से भाग चुका था।
हमले में महिला के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। चिकित्सालय में मौजूद डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि महिला की हालत स्थिर है और उनके दाहिने हाथ में छह टांके लगाए गए हैं। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
घटना के बाद वन विभाग ने पठाली गांव में गश्ती दल तैनात कर दिया है, जो क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
