रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। यह कार्यक्रम जिले के सभी मंडल मुख्यालयों के साथ-साथ प्रत्येक बूथ स्तर पर भी आयोजित किया गया।

इसके पश्चात भाजपा जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग में रुद्रप्रयाग विधानसभा द्वारा अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य वक्ता रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में देश ने अखंड राष्ट्रवाद, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और सर्वसमावेशी विकास की मजबूत नींव रखी। उसी नींव को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प के साथ नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा रहा है।
सम्मेलन में पूर्व जिला अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने का सपना अटल जी ने देखा था, जो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों, दृढ़ संकल्प और सशक्त नेतृत्व में साकार हो रहा है।
वहीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गुप्तकाशी मंडल में अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता और दूरदृष्टा नेता थे। उनका संपूर्ण जीवन सुशासन, संवेदनशीलता एवं सर्वसमावेशी विकास के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाकर लोकहित को सर्वोपरि रखा।
जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सुशासन के साथ विकास का जो मूल मंत्र अटल जी ने देश को दिया, वह आज भी भाजपा की सभी सरकारों के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार भी उन्हीं नीतियों के अनुरूप विकसित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने अटल जी के व्यक्तिगत जीवन को पार्टी कार्यकर्ताओं और जागरूक नागरिकों के लिए प्रेरणादायक बताया तथा जानकारी दी कि केदारनाथ विधानसभा का अटल स्मृति सम्मेलन 28 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री अरुण चमोली, राय सिंह राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, राज्य मंत्री विजय कप्रवान, चंडी प्रसाद भट्ट, ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रितु नेगी, जिला उपाध्यक्ष विनोद देवशाली, भूपेंद्र भंडारी, मोर्चा अध्यक्ष सुमन जमलोकी, आशीष कंडारी, सतीश गोस्वामी, यशवीर चौहान, हर्ष लाल, मुकीम अहमद, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, जिला एवं मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
