Spread the love

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

रुद्रप्रयाग। जिला पंचायत सदस्य एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित मैखंडी ने आज जिला अधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान आगामी केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं को शीघ्र एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही त्रियुगीनारायण रोड की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसके त्वरित मरम्मत कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया गया, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

इसके अतिरिक्त क्षेत्र में शौचालय निर्माण एवं स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने, बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने तथा अन्य लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

जिला अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्यवाही हेतु सकारात्मक आश्वासन प्रदान किया।

अमित मैखंडी ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। आगामी केदारनाथ यात्रा को भव्य, दिव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने क्षेत्रवासियों के सहयोग और समर्थन से विकास कार्यों को गति देने का संकल्प भी दोहराया।