Spread the love

 

रिपोर्ट- शम्भू प्रसाद

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तुंगनाथ धाम में सोमवार को पंजीकृत घोड़ा-खच्चर यूनियन के सदस्यों द्वारा एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत यूनियन के सदस्यों ने धाम परिसर तथा आसपास के पैदल मार्गों से प्लास्टिक कचरा, बोतलें और अन्य गंदगी को एकत्र कर हटाया, जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को बढ़ावा मिला है।

इस सराहनीय कार्य पर ग्राम पंचायत उषाडा के ग्राम प्रधान प्रतिपाल सिंह बजवाल ने यूनियन को धन्यवाद पत्र भेजकर उनके इस प्रयास की हृदय से प्रशंसा की। पत्र में उन्होंने कहा कि तुंगनाथ धाम देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र है, और यूनियन सदस्यों द्वारा किए गए इस श्रमदान से न केवल धाम की दिव्यता और सौंदर्य में वृद्धि हुई है, बल्कि आने वाले तीर्थयात्रियों को भी स्वच्छता का एक उत्कृष्ट संदेश मिला है।

ग्राम पंचायत उषाडा ने इस सामाजिक पहल का पूर्ण समर्थन करते हुए विश्वास जताया कि यूनियन भविष्य में भी इसी प्रकार अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करता रहेगा। पत्र के माध्यम से ग्राम पंचायत ने यूनियन सदस्यों एवं उनके पशुओं के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों ने भी इस स्वच्छता अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से धाम की पवित्रता और स्वच्छता बनी रहती है, जो हर श्रद्धालु के लिए सुखद और स्मरणीय अनुभव सुनिश्चित करता है।